
घाघरा नदी में मगरमच्छ का हमला: गोंडा में मजदूर को जबड़े में दबोचा, साथियों की बहादुरी से बची जान
गोंडा। जिले के उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरौर भिखारी पुर तटबंध पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घाघरा नदी किनारे बांध निर्माण कार्य में लगे एक मजदूर पर मगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मगरमच्छ मजदूर के पैर को अपने जबड़े में दबोचकर गहरे पानी की ओर खींचने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मजदूर तटबंध पर कार्य कर रहा था, तभी नदी से निकले मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया। मगरमच्छ के हमले से मजदूर दर्द से चीखने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे साथी मजदूर तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास शुरू किया।
इस दौरान एक साथी मजदूर ने साहस का परिचय देते हुए हथौड़े से मगरमच्छ के मुंह पर कई वार किए। चोट लगने के बाद मगरमच्छ ने मजदूर का पैर छोड़ दिया और नदी में वापस चला गया। साथी मजदूरों की सूझबूझ और बहादुरी के चलते एक बड़ी अनहोनी टल गई।
हमले में मजदूर का पैर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नदी किनारे कार्य करने वाले मजदूरों और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
