
Political News: पीडीए आरक्षण घोटाले को लेकर सपा सांसद ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
अयोध्या। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में पीडीए पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक वर्ग के अधिकारों का हनन किया गया है। उन्होंने शहर के एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में दावा किया है कि विभिन्न विभागों की भर्तियों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं और इसका खामियाजा युवाओं को भुगतना पड़ा है।
सांसद ने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती समेत कई विभागों की भर्तियों प्रक्रियाओं में आरक्षण संबंधी गड़बड़ियां सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 22 विभागों में भर्ती के दौरान आरक्षण नियमों की अनदेखी की गई और वंचित वर्गों का हक छीना गया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में उठाया जा रहा है।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि संविधान और आरक्षण व्यवस्था पर हमला किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सत्ता परिवर्तन के बाद ऐसे मामलों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का दावा भी किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय पवन पांडेय, हाजी फिरोज गब्बर, अनूप सिंह तथा अकीब खान सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

