
Crime News: रामपुर परेई में युवक का बाग में फंदे से लटकता मिला शव, परिजनों का आरोप पड़ोसी से हुआ था विवाद
बीकापुर। कोतवाली बीकापुर क्षेत्र के रामपुर परेई गांव में सोमवार की सुबह को 26 वर्षीय युवक का शव घर से कुछ दूरी पर बाग में पेड़ से लटका मिला। सूचना पर डायल 112, विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम और क्षेत्राधिकारी बीकापुर सुनील कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक की पहचान पाटन दीन पुत्र छोटे लाल निषाद, निवासी रामपुर परेई के रूप में हुई है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। मृतक की बहन ने बताया कि शनिवार रात पाटनदीन का पड़ोसी से विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह घर से निकल गया था। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने उसे गांव के बाग में पेड़ से फंदे पर लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी।
मृतक पाटन दीन अपने माता-पिता की चार संतानों में सबसे छोटा था। उसकी तीन बहनों का विवाह हो चुका है, जबकि एक बहन का विवाह नहीं हुआ है। मृतक का बड़ा भाई रोजी-रोटी के लिए मुंबई में रहता है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र पांडे ने बताया कि सीओ बीकापुर सुनील कुमार सिंह ने घटनास्थल पहुंचकर की जांच की है और फॉरेंसिक टीम से जांच एवं साक्ष्य प्राप्त कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। पड़ोसी से हुए विवाद के बिंदु पर भी पुलिस जांच कर रही है। अग्रिम कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

