
तहसील परिसर में हाई वोल्टेज ड्रामा: भूमि विवाद से परेशान युवक पेड़ पर चढ़ा, एसडीएम के आश्वासन पर उतरा
बीकापुर: तहसील परिसर में बृहस्पतिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब भूमि विवाद से परेशान एक युवक तहसील परिसर में पेड़ पर चढ़ गया और आत्महत्या की चेतावनी देने लगा। करीब 30 मिनट तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद एसडीएम न्यायिक के हस्तक्षेप और कार्रवाई के आश्वासन पर युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।
पैमाइश न होने से आजिज आकर उठाया कदम
तारुन थाना क्षेत्र के बनकटवा गांव निवासी अवधेश वर्मा ने वर्ष 2018 में भूमि का बैनामा कराया था। अवधेश का आरोप है कि विपक्षी मंसाराम वर्मा उसी जमीन पर लगातार निर्माण कराने का प्रयास कर रहा है। शिकायत के बावजूद राजस्व विभाग द्वारा भूमि की पैमाइश नहीं कराई जा रही है।
कई बार तहसील व उप निबंधक कार्यालय में प्रार्थना पत्र देने के बाद भी समस्या का समाधान न होने से क्षुब्ध अवधेश बृहस्पतिवार दोपहर तहसील पहुंचा और परिसर में लगे एक ऊंचे पेड़ पर चढ़कर फांसी लगाने की धमकी देने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही तहसील में अफरा-तफरी मच गई। भारी संख्या में अधिवक्ता, फरियादी और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।
एसडीएम न्यायिक ने खुद संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही एसडीएम न्यायिक राम प्रसाद तिवारी, नायब तहसीलदार रामखेलावन, तहसीलदार व पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवक को सुरक्षित उतारने के लिए घंटों समझाया। एसडीएम ने अवधेश को भरोसा दिलाया कि भूमि विवाद की जांच कराकर नियमानुसार पैमाइश कराई जाएगी और विपक्षी को अवैध निर्माण से रोका जाएगा।
आश्वासन के बाद अवधेश पेड़ से नीचे उतर आया। एसडीएम न्यायिक राम प्रसाद तिवारी ने कहा, “युवक की समस्या गंभीर है। लेखपाल से रिपोर्ट लेकर शीघ्र पैमाइश कराई जाएगी। कोई भी व्यक्ति कानून को हाथ में न ले, प्रशासन हर फरियादी की सुनवाई के लिए मौजूद है।”
तहसील में देर तक बनी रही चर्चा
घटना के बाद तहसील परिसर में देर तक इस मामले की चर्चा होती रही। अधिवक्ताओं ने कहा कि राजस्व विभाग में लंबित मामलों के निस्तारण में देरी से लोग परेशान होकर ऐसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।

