Ayodhya News: रुदौली, अयोध्या -चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी से इंसान तो इंसान बेजूबान भी हलकान और परेशान हैं, तो वहीं जनपद के रूदौली क्षेत्र मे नगर पालिका द्वारा लगाए गए दोनों वाटर एटीएम लंबे समय से खराब पड़े हैं।
नगर पालिका गेट और पशु चिकित्सालय के सामने स्थापित इन एटीएम से पहले लोगों को मात्र ₹1 प्रति लीटर की दर से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाता था, लेकिन रखरखाव के अभाव में ये मशीनें अब पूरी तरह बंद हो चुकी हैं।
जिसके चलते भीषण गर्मी के बीच राहगीरों, रिक्शा चालकों और स्थानीय निवासियों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि जब सबसे ज्यादा जरूरत है, उसी समय यह सुविधा ठप पड़ी है।
बताया जा रहा है कि इन दोनों वाटर एटीएम पर लगभग ₹20 लाख की लागत आई थी, लेकिन देखरेख न होने के कारण यह व्यवस्था बेकार साबित हो रही है। जिससे आसपास के निवासियों राहगीरों को भीषण गर्मी मे खासी मुश्किलों का सामान्य करना पड़ रहा है।
वहीं, नगर पालिका के ईओ प्रेम नाथ ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही दोनों वाटर एटीएम को ठीक कराकर पुनः चालू कराया जाएगा, ताकि लोगों को फिर से सस्ती दर पर शुद्ध पेयजल मिल सके।


