
बिजली के खंभे पर चढ़ा युवक: काफी मान मनौव्वल के बाद खंभे से उतरा नीचे युवक, लोगों ने की राहत की सांस
अयोध्या। तारुन थाना क्षेत्र के सागरपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक बिजली के खंभे पर चढ़ गया और काफी देर तक नीचे उतरने से इनकार करता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा सूझबूझ और धैर्य का परिचय देते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमृता पुत्री राममूरत निवासी सागरपुर, थाना तारुन, जिला अयोध्या ने चौकी रामपुर भगन पर पहुंचकर सूचना दी कि उनका भाई विकास कुमार (40 वर्ष) मानसिक रूप से विक्षिप्त है और गांव में लगे बिजली के खंभे पर चढ़ गया है। खंभे पर चढ़ने के बाद वह नीचे नहीं उतर रहा था, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई थी। इसी आशंका के कारण लोग परेशान हो गए। लोगों के काफी प्रयास के बाद जब युवक को उतारने में सफलता नहीं मिली तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक विकास अपने हमराह कांस्टेबल प्रशांत सिंह व अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को खंभे से उतारने का बहुत प्रयास किया लेकिन जब कोई नतीजा नहीं निकला तब पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया गया। साथ ही बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए गए।

पुलिस और बिजली विभाग के कर्मचारियों ने काफी देर तक युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। लगातार समझाइश और धैर्यपूर्ण बातचीत के बाद विकास कुमार खंभे से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। इसके बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने युवक और उसके परिजनों को भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न होने के लिए आवश्यक सलाह दी।
इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र रहे, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या शांति व्यवस्था संबंधी कोई समस्या नहीं हुई। पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

