
विकास परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण, नगर के इतिहास की सबसे बड़ी विकासात्मक उपलब्धि
गोसाईगंज, अयोध्या। नगर पंचायत के इतिहास में शनिवार का दिन विकास के नए अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। नगर पंचायत क्षेत्र में लगभग 4.18 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न जनकल्याणकारी एवं आधारभूत विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। यह कार्यक्रम नगर पंचायत प्रशासन के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान विधायक अभय सिंह और नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. विजय लक्ष्मी जायसवाल ने संयुक्त रूप से परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में विधायक अभय सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों से नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। क्षेत्र का विकास ही सरकार की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से नगर के विभिन्न हिस्सों में सड़क, नाली, जलापूर्ति तथा स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है।

वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. विजय लक्ष्मी जायसवाल ने कहा कि गोसाईगंज को आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। नगर के सर्वांगीण विकास के लिए आगामी दिनों में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने नगरवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विकास कार्यों की यह श्रृंखला आगे भी जारी रहेगी।
नगर पंचायत प्रशासन ने इसे गोसाईगंज के इतिहास की सबसे बड़ी विकासात्मक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से नगर के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
बंदन योजना के तहत लगभग दो करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान बंदन योजना के तहत लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से महादेवा मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र के विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। इसके अंतर्गत सीसी रोड एवं नाली निर्माण, मंदिर परिसर में शेड निर्माण, इंटरलॉकिंग कार्य तथा घाट निर्माण जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से धार्मिक स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विभिन्न जनकल्याणकारी एवं आधारभूत विकास परियोजनाओं का शिलान्यास
इसके अलावा दिलासीगंज स्थित अंत्येष्टि स्थल पर शवदाह गृह, विश्रामालय, शौचालय, रबर मोल्ड इंटरलॉकिंग तथा सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापना कार्य का भी लोकार्पण किया गया। इससे अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
नगर के विभिन्न वार्डों में नाली, आरसीसी नाला, सीसी रोड एवं इंटरलॉकिंग मार्ग निर्माण कार्यों का भी शुभारंभ किया गया। वार्ड संख्या 4 में विशम्भर साहनी के मकान से रामकुमार के खेत तक आरसीसी नाला एवं कवर निर्माण कार्य कराया जाएगा। वहीं वार्ड संख्या 11 में हरिनारायण साहनी के मकान से जयराम के मकान होते हुए गिरिधारी के मकान से ईदगाह तक नाली एवं कवर निर्माण होगा।
वार्ड संख्या 2 में पश्चिमी रेलवे क्रासिंग से मत्स्य हाट (शहीदवारी) तक नाली एवं कवर निर्माण, वार्ड संख्या 3 में ज्योतिबा फुले चौक से वीर अब्दुल हमीद चौक होते हुए संतोषी माता मंदिर गली तक नाली निर्माण तथा वार्ड संख्या 6 में जुम्मन अली के मकान से ठंडी सड़क तक नाली एवं कवर निर्माण कार्य भी परियोजनाओं में शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त वार्ड संख्या 5, 10, 9, 6 एवं 2 में आजाद चौक, लक्ष्मीबाई चौक और भारती चौक से पश्चिमी रेलवे क्रासिंग तक नाली एवं कवर निर्माण कार्य कराया जाएगा। वहीं गोसाईगंज बाईपास सड़क से सत्संग घाट तक 185 मीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।

नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए दो टिपर बॉडी बॉक्स वाहनों की खरीद, 3000 लीटर क्षमता वाले पानी के टैंकर की व्यवस्था, संकरी गलियों की सफाई हेतु दो टन क्षमता वाली मिनी ट्रॉली तथा पांच टन क्षमता वाली ट्रॉली की खरीद भी की गई है। इन संसाधनों से नगर में सफाई और जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

कार्यक्रम के समापन के बाद विधायक अभय सिंह ने प्राथमिक विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर कन्हैयालाल त्रिपाठी, संजय पराग, शिवकुमार यादव, शिवपूजन सिंह, हनुमान प्रसाद, उत्कर्ष शेखर जायसवाल, उमेश सिंह, विजय सोनी, जय प्रकाश साहू, सर्वेश मोनू, देशराज चौधरी, संजय सिंह, मौसमी किन्नर, दीपक गुप्ता सहित सभी सभासद एवं नगर पंचायत कर्मी उपस्थित रहे।
