
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को जारी हुआ पहचान पत्र, दिखना भी अनिवार्य
फर्जी अधिकारी बन कार्रवाई के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिया निर्णय
अयोध्या। दुकान, होटल और खाद्य सामग्रियों के प्रतिष्ठान का संचालन करने वाले व्यापारियों के लिए राहत भरी खबर है। खबर इसीलिए भी उनके लिए जरूरी हो जाती है कि उनकी दुकान या प्रतिष्ठान पर अब कोई फर्जी खाद्य सुरक्षा अधिकारी बनकर आपके खिलाफ कार्रवाई या अवैध वसूली नहीं कर पाएगा। अब आपको यह अधिकार होगा कि आप आने वाले अधिकारी से उसका पहचान पत्र मांग सकेंगे। यदि आपको पहचान पत्र नहीं दिखाया जाता है तो आप इसकी शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग से कर सकते हैं।
फर्जी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों बन व्यापारियों व दुकानदारों के साथ कार्रवाई के नाम पर अवैध वसूली के मामले में लगातार शिकायतें मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को आधिकारिक पहचान पत्र जारी किया है। यह जानकारी सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त मानिकचंद सिंह ने दी है।
उन्होंने बताया कि अयोध्या जिले में किसी भी दुकान, होटल या प्रतिष्ठान पर निरीक्षण या छापेमारी करने गई अधिकरियों को अब अपना पहचान पर दुकान के मालिक व व्यापारी को दिखाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा दुकानदार, व्यापारी को भी अब यह अधिकार होगा कि वह दुकान या प्रतिष्ठान पर आते अधिकारी से उसका पहचान पत्र मांग सकेंगे और यदि कोई व्यक्ति आईडी दिखाये बिना खुद को खाद्य सुरक्षा अधिकारी बताकर कार्रवाई करता है तो उस पर संदेह किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि संदेह होने पर व्यापारी सीधे खाद्य सुरक्षा विभाग से शिकायत भी कर सकता है। उन्होंने बताया कि विभाग को पिछले कुछ दिनों से फर्जी अधिकारियों द्वारा दुकानों पर छापेमारी और अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। अराजक तत्व खाद्य सुरक्षा अधिकारी बनकर व्यापारियों को डराकर पैसे वसूलने का प्रयास कर रहे थे।
ऐसे में विभाग की ओर से लिए गए इस निर्णय से व्यापारियों को राहत मिलेगी। साथ ही कोई व्यक्ति अब फर्जी खाद्य सुरक्षा अधिकारी बन कर व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं कर सकेगा।

