
विकास योजनाओं की सौगात: 6 जून को विधायक अभय सिंह करेंगे शिलान्यास, लोकार्पण एवं भूमि पूजन
गोसाईगंज अयोध्या। नगर पंचायत गोसाईगंज में विकास कार्यों की एक और ऐतिहासिक शुरुआत होने जा रही है। दिनांक 06 जून 2026 को सायं 4:00 बजे नगर पंचायत कार्यालय परिसर में क्षेत्रीय विधायक अभय सिंह करोड़ों रुपये की जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास एवं कार्यारंभ करेंगे।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. विजयलक्ष्मी जायसवाल, सभासदगण, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहेंगे।
नगर पंचायत के लगभग तीन वर्ष के कार्यकाल में अध्यक्ष एवं सभासदों के सामूहिक प्रयासों तथा शासन के सहयोग से कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। नगर पंचायत के इतिहास में पहली बार इतने बड़े स्तर पर विकास योजनाओं का क्रियान्वयन हो रहा है, जिससे नगर को नई पहचान और नई दिशा मिलने जा रही है।
प्रमुख योजनाओं में वंदन योजना, जल निकासी योजना, पेयजल योजना, कान्हा गौशाला योजना, अंत्येष्टि स्थल विकास योजना तथा केंद्रीय एवं राज्य वित्त आयोग से संचालित विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं।
विशेष रूप से महादेव घाट पर वंदन योजना के अंतर्गत नए घाट का निर्माण, पार्क विकास, यात्री विश्राम स्थल, सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का भूमि पूजन भी विधायक अभय सिंह द्वारा किया जाएगा। इन कार्यों से महादेव घाट का सौंदर्यीकरण होगा तथा श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
नगर पंचायत सूत्रों के अनुसार इन सभी महत्वपूर्ण योजनाओं की स्वीकृति दिलाने एवं शासन स्तर पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में विधायक अभय सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिसके परिणामस्वरूप गोसाईगंज को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है।
नगर पंचायत ने समस्त नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर विकास कार्यों के इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें तथा अपने जनप्रतिनिधियों द्वारा कराए जा रहे जनहितकारी कार्यों का अवलोकन करें।
