
क्षेत्र की बेटी ने बढ़ाया मान: नौसेना में लेफ्टिनेंट बन किया नाम रोशन, क्षेत्रवासियों ने किया भव्य स्वागत
गोसाईंगंज अयोध्या। भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट पद हासिल कर क्षेत्र की बेटी ने गांव जिला प्रदेश और देश का मान बढ़ाया। अपनी होनहार बेटी के घर वापस आने पर क्षेत्रवासियों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस अवसर पर सैकड़ो ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्राम महुवारी का माजरा खैरा निवासी रणजीत सिंह की पुत्री नंदिनी सिंह की नौसेना में बतौर सब लेफ्टिनेंट पद पर 2025 में चयन हुआ।
एक साल की अथक ट्रेनिंग के बाद 28 मई को इंडियन मिलिट्री अकादमी एरीमला (Ezhimala) केरला से पासिंग आउट परेड के बाद घर आते समय क्षेत्रवासियों ने महबूबगंज चौराहे पर रोककर माल्यार्पण कर स्वागत किया। नंदिनी सिंह ने बताया कि हमारी शिक्षा तारापुर विद्या मंदिर से शुरू हुई और पालघर महाराष्ट्र से हमने इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल किया। बचपन से ही हमारी भारतीय सेना में जाने की ललक थी, जो 2025 में पूरी हुई।
अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता भाईयोऺ और गुरुजनों को देती हूं, जिन्होंने समय-समय पर हमारा हौसला अफजाई करते हुए मार्गदर्शन दिया।मैं देश के युवाओं से कहना चाहती हूं कि मेहनत सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।मेहनत से ही बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
माता रितु सिंह ने बताया की पासिंग आउट परेड का वह सबसे बड़ा भावुक पल था, जब हम दोनों पति-पत्नी ने अपनी शेरनी बेटी के कंधे पर फित्ती लगाई। पिता और क्षेत्र वासियों ने कहा कि आज हमारा सीना चौड़ा और सिर गर्व से ऊंचा हो गया है। इस अवसर पर रणभद्र सिंह, डॉक्टर डीपी सिंह, आकाश सिंह समाजसेवी, विश्वनाथ सिंह, सूर्यभान सिंह, गुड्डू सिंह, भवानी फिर सिंह, प्रेम नारायण सिंह, पवन कुमार सिंह, दिग्विजय त्रिपाठी, अंकुर सिंह सहित सैकड़ो लोग उपस्थित रहे ।
