ट्रेन हादसा: सियालदह एक्सप्रेस की चपेट में आने से अज्ञात महिला की मौत, पहचान के प्रयास जारी
गोसाईगंज, अयोध्या। गोसाईगंज रेलवे स्टेशन के पश्चिमी गेट संख्या-94 के पास बुधवार को सियालदह एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। मृतका की उम्र लगभग 28 वर्ष बताई जा रही है।
वह मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी और शिवगढ़ गाांव की ओर से रेलवे ट्रैक की तरफ आ रही थी। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटनास्थल को लेकर आरपीएफ और स्थानीय पुलिस के बीच कुछ समय के लिए क्षेत्राधिकार को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। स्थानीय पुलिस का कहना था कि घटना स्थल स्टेशन परिसर की सीमा के भीतर है, जबकि आरपीएफ का कहना था कि घटनास्थल स्टेशन परिसर की सीमा में नहीं आता।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी अभिमन्यु शुक्ला मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया, इसके साथ ही शिनाख्त की प्रक्रिया भी शुरू कर दिया।
