
अयोध्या समाचार: जनपद में अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना इनायतनगर थाना क्षेत्र में हुयी जिसमें एक युवक पंखे में उतरे करेंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। दूसरी घटना रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग की है, जहां मंगलवार को दोपहर बाद हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसों के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पंखे में उतरे करेंट की चपेट में आया युवक, मौत
जनपद के इनायतनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक पंखे में उतरे करेंट की चपेट में आ गया। गंभीर हाल में जिला अस्पताल लाए जाने के बाद डॉक्टर ने उसको मृत घोषित दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है।
इनायत नगर थाना क्षेत्र के गांव सिंह का पुरवा डोभियारा में गांव निवासी 36 वर्षीय राजकुमार पुत्र गंगाराम मंगलवार की सुबह भीषण गर्मी और उमस के कारण पंखा लगा रहा था। पंखे में करेंट उतरा हुआ था और स्विच ऑन करने के बाद उसने पंखे को हाथ लगाया तो करेंट की चपेट में आ गया।
नीलम ने उसको गंभीर हाल में 11:20 पर जिला अस्पताल पहुंचाया तो इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर आशीष पाठक ने परीक्षण के बाद उसको मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवा पोस्टमार्टम के लिए मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भिजवाया है।
ट्रेलर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत
रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पर मंगलवार को दोपहर बाद हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। जिला अस्पताल प्रशासन के मेमो पर नगर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है।
नगर कोतवाली के नवीन मंडी के पीछे स्थित निराला नगर पावर हाउस निवासी 65 वर्षीय राम सागर यादव पुत्र बलभद्र यादव दोपहर बाद अपने पैतृक गांव इनायतनगर थाना क्षेत्र के बोड़ेपुर से वापस अपने शहर स्थित आवास आ रहे थे। इसी दौरान रायबरेली हाईवे पर इनायतनगर थाने के कुचेरा बाजार के पास एक ट्रेलर ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हाल में जिला अस्पताल लाए जाने पर इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ आशीष पाठक ने परीक्षण के बाद बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि शव को मोर्चरी में रखवा पोस्टमार्टम के लिए मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भिजवाया गया है। खबर लिखे जाने के समय पोस्टमार्टम की तैयारी चल रही थी।

