
ग्राम चौपाल: बीकापुर, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार शाम ग्राम पंचायत असकरनपुर में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में भव्य ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विधायक अभय सिंह के साथ ग्राम पंचायत के परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही अन्नप्राशन गोदभराई भी कराई।
चौपाल में ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिस पर उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की गई।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने ग्रामवासियों से संवाद करते हुए कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, जिससे समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने जनकल्याण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

ग्राम चौपाल के दौरान राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, विद्युत, पेयजल एवं अन्य विभागों से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई तथा कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा हेल्प डेस्क लगाकर जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
ग्रामीणों ने आवास, राशन कार्ड, पेंशन, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, राजस्व विवाद, सड़क निर्माण तथा अन्य विकास कार्यों से संबंधित समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने एक-एक शिकायत की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही गांव में संचालित विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की।

चौपाल में विधायक अभय सिंह ने कहा कि सरकार गांव, गरीब और किसान के हितों के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर कार्य कर रहे हैं। ब्लॉक प्रमुख दिनेश कुमार वर्मा ने भी ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहयोग करने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।जिलाधिकारी ने गाँव मे बने पंचायत भवन को जाने वाले खड़ंजा मार्ग को पक्की सड़क बनवाने का आश्वासन दिया ! चौपाल के पूर्व जिलाधिकारी और विधायक ने पौध रोपित किया ! उन्होंने ग्राम प्रधान आशा देवी प्रधान प्रतिनिधि अजय तिवारी के कार्यों की प्रशंशा किया !
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर योगानंद पाण्डेय, मुख्य चिकित्साधिकारी देवेन्द्र सिंह भिटौरिया, जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र, उप जिलाधिकारी श्रेया, क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी अखिलेश कुमार मिश्रा, जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी चंद्रेश त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता नलकूप उदय शंकर सिंह, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी रवि श्रीवास्तव, एडीओ आईएसबी बद्रीनाथ पाण्डेय, तहसीलदार दिनेश कुमार, नायब तहसीलदार राम खेलावन पूर्ति निरीक्षक श्री नारायन यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

