ब्लड बैंक में रक्त की भारी कमी, ब्लॉक-वार्ड स्तर पर रक्तदान शिविर लगाने की मांग

Spread the love

अयोध्या। जिला अस्पताल रिकाबगंज स्थित 600 यूनिट क्षमता वाले ब्लड बैंक में लगातार रक्त की कमी बनी हुई है। इस समस्या को लेकर सामाजिक संस्था संकल्प संस्थान ने चिंता जताते हुए ब्लॉक और वार्ड स्तर पर व्यापक रक्तदान शिविर आयोजित कराने की मांग की है। संस्था के अध्यक्ष डॉ. आशीष पाण्डेय ‘दीपू’ ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को पत्र भेजकर जल्द आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।

डॉ. पाण्डेय ने कहा कि पिछले कई दिनों से ब्लड बैंक में पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध नहीं है। इसके चलते मरीजों और उनके परिजनों को खुद डोनर तलाशने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि थैलीसीमिया, कैंसर और एनीमिया से पीड़ित मरीजों के अलावा गर्भवती महिलाओं तथा ऑपरेशन कराने वाले मरीजों को समय पर रक्त नहीं मिल पा रहा है। इससे मरीजों की स्थिति गंभीर हो रही है और कई बार जान का खतरा भी उत्पन्न हो जाता है।

उन्होंने कहा कि रक्त की कमी दूर करने के लिए नियमित रूप से बड़े स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने जरूरी हैं। यदि ब्लॉक और वार्ड स्तर पर शिविर लगाए जाएं तो अधिक संख्या में लोग रक्तदान के लिए आगे आएंगे और ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता बनी रहेगी।

संकल्प संस्थान ने सीएमएस से यह भी मांग की है कि जिले में रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं की बैठक बुलाई जाए। आपसी समन्वय और सहयोग से अभियान चलाकर लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया जाए। संस्था का कहना है कि समय पर रक्त उपलब्ध होना मरीजों के जीवन के लिए बेहद जरूरी है, इसलिए इस दिशा में तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।


Spread the love

Related posts