अयोध्या। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के लगातार बढ़ते दामों तथा बढ़ती महंगाई के विरोध में सोमवार को जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी अयोध्या के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कमला नेहरू भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने हाथों में सरकार विरोधी पोस्टर और गैस सिलेंडर लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस के रूप में रिकाबगंज गंज चौराहे की ओर बढ़े, जहां भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया। बाद में मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को जनविरोधी बताते हुए आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर चिंता जताई।
जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग महंगाई की मार झेलने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार वृद्धि से रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च तेजी से बढ़ा है। उन्होंने धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में मात्र 72 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि को अपर्याप्त बताते हुए इसे 3000 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की मांग की। साथ ही नीट प्रश्न पत्र लीक मामले की निंदा करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, रामअवध पासी और कर्मराज यादव ने कहा कि केंद्र सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला अध्यक्ष रामदास वर्मा ने किया। प्रदर्शन में उग्रसेन मिश्रा, अनिल तिवारी, विजय पाल सिंह, महेंद्र सिंह, अशोक सिंह मनऊपुर, शैलेन्द्र मणि पाण्डेय, रेनू राय, नाजिश फातिमा, रबींद्र कोरी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


