पंचायत चुनाव समय से कराने की मांग को लेकर अयोध्या में प्रधानों का प्रदर्शन

Spread the love

अयोध्या। पंचायत चुनाव समय से कराने समेत तीन सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को जनपद अयोध्या के सैकड़ों ग्राम प्रधानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रधानों ने गांधी पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला और नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को प्रशासन के सामने रखा।

प्रधानों की प्रमुख मांगों में पंचायत चुनाव समय से कराए जाने की मांग शामिल रही। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि किसी कारणवश समय पर चुनाव कराना संभव नहीं हो तो वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए अथवा पूर्व की तरह ग्राम प्रधानों को ही प्रशासक की जिम्मेदारी दी जाए, ताकि ग्राम पंचायतों के विकास कार्य बाधित न हों।

इसके अलावा ग्राम पंचायतों में स्थित तालाब और पोखरों की नीलामी से प्राप्त धनराशि का 75 प्रतिशत हिस्सा संबंधित ग्राम निधि खातों में स्थानांतरित करने की मांग उठाई गई। प्रधानों का कहना था कि यह धनराशि कई वर्षों से तहसील और जनपद स्तर पर समेकित गांव कोष में जमा है, लेकिन अभी तक ग्राम पंचायतों को इसका लाभ नहीं मिल सका है।

प्रधानों ने जल जीवन मिशन के कार्यों में हुई लापरवाही का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप था कि पाइप लाइन बिछाने के दौरान गांवों की सड़कों और नालियों को खोद दिया गया, लेकिन अब तक उनकी मरम्मत नहीं कराई गई है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


Spread the love

Related posts