
UP Poster War: 2027 चुनाव से पहले अयोध्या में पोस्टर वार, अखिलेश यादव के खिलाफ लगाए गए विवादित पोस्टर
अयोध्या। विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पोस्टर वार तेज होता नजर आ रहा है। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले समाजवादी पार्टी (सपा) के खिलाफ एक बड़ा पोस्टर वॉर छिड़ गया है। राज्य के 50 से अधिक जिलों में सपा के कथित ‘माफिया प्रेम’ को लेकर पोस्टर लगाए गए हैं, जिससे प्रदेश की सियासत में भारी बवाल मच गया है। अवध, पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी यूपी तक लगाए गए इन विवादित पोस्टरों में समाजवादी पार्टी के कार्यकाल के दौरान रहे कुख्यात माफियाओं की तस्वीरें छापी गई हैं..
लखनऊ समेत प्रदेश के कई जनपदों में पोस्टर लगाए जाने के बाद अब अयोध्या में भी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ विवादित पोस्टर सामने आए हैं। राम मंदिर जाने वाले प्रमुख मार्ग टेढ़ी बाजार ओवरब्रिज पर लगाए गए पोस्टर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ अतीक अहमद, आजम खान और मुख्तार अंसारी की तस्वीरें लगाई गई थीं। पोस्टर पर लिखा है “अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश”। इसके साथ ही स्लोगन दिया गया था— “आजम, अतीक और मुख्तार, यही चलाते थे सरकार।”
पोस्टर सामने आने के बाद अयोध्या में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। बताया जा रहा है कि प्रशासन की ओर से सुबह ही शहर में लगाए गए ऐसे पोस्टरों को विभिन्न स्थानों से हटवाया गया। चूड़ामणि चौराहे से राम मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर लगा एक पोस्टर फटा हुआ भी नजर आया।
पोस्टर किसकी ओर से लगाए गए और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसे लेकर फिलहाल आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, 2027 विधानसभा चुनाव से पहले इस तरह के पोस्टरों को लेकर अयोध्या में सियासी माहौल गरमाने लगा है।
गौरतलब है कि चुनावी माहौल बनने के साथ ही राजनीतिक दलों और उनके समर्थकों की ओर से प्रचार, आरोप-प्रत्यारोप और जवाबी बयानबाजी का दौर तेज होने की संभावना रहती है। अयोध्या में सामने आए इन पोस्टरों ने भी इसी क्रम में राजनीतिक बहस को बढ़ा दिया है।
