Road Accident: अयोध्या में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दोनों चालकों की मौत

Spread the love

Road Accident: अयोध्या में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दोनों चालकों की मौत

अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। हादसा इटौरा गांव के पास सूर्यकुंड-भरतकुंड मार्ग पर हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से तत्काल मंडलीय चिकित्सालय दर्शन नगर पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान 25 वर्षीय आदित्य उर्फ बंटी और प्रिंस यादव उर्फ रिशू के रूप में हुई है। दोनों युवक पूराकलंदर थाना क्षेत्र के इटौरा गांव और उसके मजरे उघड़पुर के रहने वाले बताए गए हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, तहरीर मिलने के बाद मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे की सूचना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने मार्ग पर तेज रफ्तार और यातायात सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।


Spread the love

Related posts