Crime News: भाजपा राष्ट्रीय महासचिव के स्वागत में जेब काटने वाले पांच गिरफ्तार

Spread the love

Crime News: भाजपा राष्ट्रीय महासचिव के स्वागत में जेब काटने वाले पांच गिरफ्तार

तहसीनपुर टोल प्लाजा पर हुई थी वारदात,2.01 लाख रुपये, छह मोबाइल और कार बरामद

अयोध्या। रौनाही टोल प्लाजा पर तीन दिन पूर्व भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी के स्वागत कार्यक्रम में नेताओं की जेब साफ करने वाले गिरोह के पांच और लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
इनके कब्जे से 2 लाख एक हजार 400 रुपये, छह मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और घटना में प्रयुक्त हुंडई वेन्यू कार बरामद की है।

एसपी देहात बलवंत चौधरी ने बताया कि स्वागत कार्यक्रम के दौरान 31 अगस्त को रौनाही टोल प्लाजा पर चोरों ने कई लोगों की जेब से रुपया और मोबाइल फोन पार कर दिया था। शिकायत पर रौनाही थाना पुलिस ने अलग-अलग छह मुकदमे दर्ज किए थे। मामलों की विवेचना और अनावरण में जुटी रौनाही थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से मिले साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के अलीगंज कट,अयोध्या रोड से कार सवार पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए लोगों ने अपना नाम पता सर्वेश रावत (32) निवासी ग्राम बहरवा, थाना बिसवां, सीतापुर, हाल पता मड़ियाव, थाना जानकीपुरम, लखनऊ,राजकुमार कश्यप उर्फ प्रधान (42) निवासी मजगवां, थाना हैदराबाद, लखीमपुर खीरी,उमेश पासी (30) निवासी मजगवां,थाना हैदराबाद, लखीमपुर खीरी,सर्वजीत सिंह (30) निवासी इस्लामगंज, फिल्डगंज, थाना डिविजन नंबर-2, लुधियाना, पंजाब और अजय कुमार कनौजिया (25) निवासी दिलेजाकपुर, थाना कोतवाली, गोरखपुर बताया है।

पूछताछ में इन लोगों ने स्वागत समारोह में नकदी और मोबाइल चोरी की बात कबूल की है। इनके पास से कुल दो लाख एक हजार 400 रुपए,6 मोबाइल फोन,एक आधार कार्ड,एक पैन कार्ड और एक हुंडई वेन्यू कार बरामद हुई है।

लखनऊ से गिरोह लग गया था पीछे..

जेब साफ करने वाला यह गिरोह लखनऊ से ही पीछे लग गया था और मौके की तलाश में था। तहसीनपुर टोल प्लाजा पर भीड़ ज्यादा होने के कारण धक्का मुक्की का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। इनके तीन साथी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। पकड़े गए अजय कनौजिया का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ गोरखपुर, महराजगंज, बलरामपुर और बस्ती में पहले से चोरी,मादक पदार्थ और अन्य धाराओं में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज मिले हैं।


Spread the love

Related posts