
मुलायम सिंह यादव शिक्षक सम्मान: अयोध्या में पांच शिक्षकों का सम्मान, सांसद धर्मेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
अयोध्या। समाजवादी पार्टी महानगर कार्यालय गुलाबबाड़ी में गुरुवार को श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव शिक्षक सम्मान समारोह एवं शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव रहे। विशिष्ट अतिथि समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एसपी सिंह पटेल और प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र प्रसाद मिश्रा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक सभा के जिला अध्यक्ष दान बहादुर सिंह ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव डॉ. घनश्याम यादव ने किया।

कार्यक्रम में समाजवादी शिक्षक सभा की ओर से चयनित पांच शिक्षकों को सांसद धर्मेंद्र यादव और कार्यक्रम के संस्थापक एवं पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन’ ने प्रशस्ति पत्र और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सांसद धर्मेंद्र यादव का महानगर क्षेत्र में जगह-जगह फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। मसौधा ब्लॉक, हाशापुर, राम जी समोसे की दुकान, दिशा कोचिंग, होटल पंचवटी, मनूचा कोठी, कोहिनूर पैलेस और रीडगंज चौराहे समेत विभिन्न स्थानों पर सपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव के नाम से यह कार्यक्रम वर्ष 2012 से लगातार आयोजित हो रहा है, जो सराहनीय है। उन्होंने कार्यक्रम के संस्थापक पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन’ और आयोजक शिक्षक सभा के जिला अध्यक्ष दान बहादुर सिंह को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपने कार्यकाल में शिक्षकों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले किए। यूपी बोर्ड में कॉपियों के मूल्यांकन का पारिश्रमिक सीबीएसई के बराबर किए जाने समेत कई फैसलों का उन्होंने उल्लेख किया। धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि मौजूदा भाजपा सरकार रोजगार के अवसर कम कर रही है और कई प्राथमिक विद्यालयों को बंद किया गया है, जिससे लोगों के शिक्षा के अधिकार पर असर पड़ रहा है।
कार्यक्रम के संस्थापक एवं पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन’ ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने शिक्षकों के हित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करना और मृतक आश्रितों को योग्यता के आधार पर नौकरी देने जैसे फैसले भी उनके कार्यकाल में हुए।
तेज नारायण पांडेय ने कहा कि आज भाजपा सरकार नौकरी खत्म करने और युवाओं को आउटसोर्सिंग के माध्यम से रोजगार देने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों की आवाज उठाने वाले युवाओं और महिलाओं पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज आज जागरूक है और नौजवान, व्यापारी, किसान, बेरोजगार युवा समेत सभी वर्गों के लोग वर्ष 2027 में अखिलेश यादव की सरकार बनाने का संकल्प ले चुके हैं।
इस मौके पर पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव, पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी, हाजी फिरोज खान गब्बर, महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव, महानगर महासचिव हामिद जाफर, उपाध्यक्ष चौधरी श्रीचंद यादव, प्रवक्ता राकेश यादव समेत बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शिक्षक मौजूद रहे।
