
Eid Milad-un-Nabi 2026: ईद मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, अमन-चैन की मांगी दुआ
अयोध्या। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर कैंटोनमेंट अयोध्या के सदर बाजार और मया बाजार में बुधवार को जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। सदर बाजार में सुबह सात बजे मस्जिद से जुलूस शुरू हुआ। इमाम मौलाना सदरुल वाला के नेतृत्व में जुलूस ने छावनी क्षेत्र का भ्रमण किया। मुस्लिम समाज के लोगों ने जगह-जगह जुलूस का स्वागत किया।

जुलूस में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने शामिल होकर नबी की शान में मिलाद पढ़ा और खुशी का इजहार किया।पूर्व पार्षद मोहम्मद अपील ‘बबलू’ ने बताया कि जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान हाकिम खान, मोहम्मद इमरान राईन, नदीम खान, शकील राईन, मोहम्मद अनवार, मोहम्मद सलीम, मोहम्मद अजीज, मोहम्मद बाबर, शेखू शहाबुद्दीन, शहंशाह मोइनुद्दीन, नसीम खान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
इसी तरह मया बाजार की नूरानी जामा मस्जिद से भी जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। पेश इमाम हाफिज व कारी सरताज हुसैन की सरपरस्ती में सुबह आठ बजे जुलूस मदरसा अरबिया शम्स-उल-उलूम कनकपुर से शुरू हुआ। जुलूस द्वापर स्कूल, लक्ष्मणपुर, जिगिनियां गांव और मया भीखी होते हुए दोपहर करीब एक बजे नूरानी जामा मस्जिद पहुंचकर समाप्त हुआ।
इसके बाद सलातो-सलाम, फातिहा और दुआ का आयोजन हुआ। मुल्क में अमन-चैन और सलामती की दुआ मांगी गई। पेश इमाम हाफिज व कारी सरताज हुसैन ने ईद मिलादुन्नबी के महत्व पर प्रकाश डाला। जुलूस की व्यवस्था में मास्टर मुबारक अली इदरीशी, गुलाम मोहम्मद हुसैन, मोहम्मद कैफ इदरीशी, अबरार आलम अंसारी, शमशाद अली उर्फ जुगुन, मुस्तकीम आलम, अजमत अली, हसमत अली, शमसुद्दीन, चांद बाबू, दीन अली, सद्दाम हुसैन व मोहम्मद अली उर्फ लोदर सहित बड़ी संख्या में लोगों ने सहयोग किया। इसी तरह बीकापुर तहसील क्षेत्र में बुधवार को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी की धूम रही।
12 रबी-उल-अव्वल के मौके पर बीकापुर कस्बा समेत दराबगंज, काजी सराय, खजुरहट, चौरे बाजार, गंडई और कोछा बाजार सहित कई स्थानों पर गाजे-बाजे के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। उमस और गर्मी के बावजूद जुलूस में जायरीनों का उत्साह देखते ही बना।बीकापुर में दरगाह के गद्दीनशीन बाबा नसरुद्दीन शाह कादरी की दरगाह से जुलूस-ए-मोहम्मदिया निकला, जो प्रयागराज हाईवे से करीब दो किलोमीटर तक गया और वापस दरगाह के पास पहुंचकर समाप्त हुआ।
जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर देश में अमन-चैन की दुआ मांगी। जगह-जगह जायरीनों के लिए स्टाल लगाकर ठंडा पानी, मीठा शरबत और नाश्ता वितरित किया गया। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की शान में कसीदे पढ़े गए।दराबगंज से बीकापुर जामा मस्जिद तक निकाले गए जुलूस में भी बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
वक्ताओं ने मोहम्मद साहब के जीवन से प्रेरणा लेकर नेक बनने, सच्चाई के रास्ते पर चलने और समाज में भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया। जामा मस्जिद की कमेटी के पदाधिकारियों और पेश इमाम की अगुवाई में कार्यक्रम सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
इस दौरान प्रशांत श्रीवास्तव, शरीफ खान, नसीब खान, अजमत खान, आबाद अहमद एडवोकेट, अहमद रजा, मोहम्मद कलीम कादरी, मोहम्मद नसीम कादरी, नसरुद्दीन शाह कादरी, महमूद अहमद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। गद्दीनशीन नसरुद्दीन शाह कादरी ने शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने के लिए लोगों का आभार जताया और प्रशासन की मुस्तैदी की सराहना की।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोतवाली पुलिस विभिन्न स्थानों पर मुस्तैद रही।
