उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ में सैकड़ों शिक्षकों ने ली सदस्यता

Spread the love

फोटो: महेंद्र गोंड

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ में सैकड़ों शिक्षकों ने ली सदस्यता, विनय तिवारी ने गिनाईं प्राथमिकताएं

अयोध्या। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ में अयोध्या जनपद के सैकड़ों शिक्षकों और कई पदाधिकारियों के शामिल होने से संगठन को मजबूती मिली है। सर्किट हाउस अयोध्या में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी और प्रांतीय संयुक्त मंत्री अमित सिंह की मौजूदगी में दो बार जिला मंत्री रहे संजय उपाध्याय, राजेश दुबे, जिला प्रचार मंत्री दरोगा पाठक समेत कई पदाधिकारियों ने संघ की सदस्यता ग्रहण की।

जिलाध्यक्ष डॉ. संजय सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी, प्रांतीय संयुक्त मंत्री अमित सिंह समेत अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संगठन जनपद के प्रत्येक शिक्षक के अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से कार्य करेगा। प्रत्येक विकासखंड में मजबूत कार्यकारिणी का गठन कर शिक्षकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के टीईटी संबंधी प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि लाखों शिक्षकों की सेवाओं पर संकट के समाधान के लिए आंदोलन से लेकर विधायी स्तर तक प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री से मुलाकात कर प्रभावित शिक्षकों की सेवाएं सुरक्षित रखने का अनुरोध किया गया है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने टीईटी प्रकरण में रिव्यू याचिका दाखिल करने की पहल की थी। केंद्र सरकार से अध्यादेश लाकर शिक्षकों की सेवाएं सुरक्षित करने की मांग भी की जाएगी। उन्होंने पुरानी पेंशन बहाली और 17,140 वेतनमान की मांग भी उठाई।

प्रांतीय संयुक्त मंत्री अमित सिंह ने कहा कि शिक्षक अपने अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। वहीं संजय उपाध्याय ने विनय तिवारी के नेतृत्व में शिक्षक हित में हो रहे कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में विभिन्न विकासखंडों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।


Spread the love

Related posts