
Crime News: तार चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कटर समेत 9 किलो तांबे का तार मिला
अयोध्या। कोतवाली अयोध्या पुलिस ने निर्माणाधीन मकान से विद्युत तार चोरी करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब नौ किलो तांबे का विद्युत तार और तार काटने वाला कटर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान प्रकाश में आए आरोपित पालेखान पुत्र मो. सैय्यद अली निवासी मक्खापुर, थाना कोतवाली अयोध्या को 22 अगस्त की रात करीब 11:50 बजे उदासीन आश्रम से लंगरवीर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया। आरोपित के पास से विभिन्न रंगों के पीवीसी इंसुलेटेड विद्युत तांबे के तारों के कटे हुए टुकड़े बरामद हुए, जिनका वजन करीब नौ किलोग्राम है। इसके अलावा नीले रंग की प्लास्टिक की पकड़ वाला एक तार कटर भी मिला।
पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में धारा 303(2) व 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय भेज दिया।पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुनील कुमार गोंड, उपनिरीक्षक राहुल बाजपेयी, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल अनुभव सिंह व कांस्टेबल राधेश्याम शामिल रहे।
