दिव्यांग प्रमाणपत्र जांच: शिकायत से गरमाया CMO कार्यालय, ऑडियोलॉजिस्ट पर बार-बार दौड़ाने का आरोप

Spread the love

दिव्यांग प्रमाणपत्र जांच: शिकायत से गरमाया सीएमओ कार्यालय, ऑडियोलॉजिस्ट पर बार-बार दौड़ाने का आरोप

अयोध्या। राजर्षि दशरथ मेडिकल कालेज में तैनात ऑडियोलॉजिस्ट इरशाद को लेकर दिव्यांग प्रमाणपत्र से संबंधित जांच व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। ईएनटी से जुड़े दिव्यांगों का आरोप है कि जांच रिपोर्ट तैयार होने के बावजूद केवल औपचारिकताएं पूरी कराने के नाम पर उन्हें कई-कई बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। शुक्रवार को दिव्यांग मोहित सैनी ने सीएमओ कार्यालय पहुंचकर ऑडियोलॉजिस्ट इरशाद के कार्य व्यवहार की लिखित शिकायत की।

हालांकि, ऑडियोलॉजिस्ट इरशाद ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि शिकायतकर्ता पहली बार उनके पास आया था। उन्होंने बताया कि पहली जांच में मरीज के कान में अत्यधिक गंदगी होने के कारण दवा डालने की सलाह दी गई थी। पांच दिन बाद पीटीए जांच कर दी गई, लेकिन बीईआरए जांच के लिए आवश्यक इलेक्ट्रोड उपलब्ध नहीं हैं।

उपकरण उपलब्ध होते ही जांच पूरी कर दी जाएगी।वहीं, राजर्षि दशरथ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. साकेत गुप्ता ने भी कहा कि मामले की जानकारी उन्हें है और इसमें कर्मचारी की कोई गलती नहीं है। उन्होंने बताया कि बीईआरए जांच के लिए जरूरी इलेक्ट्रोड की आपूर्ति के लिए कई बार मांग भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक उपलब्ध नहीं कराया गया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस जांच के लिए आवश्यक साउंड-प्रूफ कक्ष भी मेडिकल कॉलेज में अब तक नहीं बन पाया है, जिससे जांच व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अब इस पूरे प्रकरण ने दिव्यांगों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं, संसाधनों की उपलब्धता और विभागीय व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Spread the love

Related posts