
धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सीजेपी के अभिजीत दीपके ने जारी किया वीडियो संदेश, बोले-यह अंतिम लक्ष्य नहीं बल्कि शुरुआत
कहा – भविष्य में भी संगठन युवाओं से जुड़े मुद्दों पर रहेगा सक्रिय
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के अभिजीत दीपके ने जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और सरकार की ओर से मांगों को स्वीकार किया जाना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह अंतिम लक्ष्य नहीं केवल शुरुआत है। कॉकरोच जनता पार्टी को आगे भी अपने उद्देश्यों को लेकर काम करना होगा।
अभिजीत ने कहा इस आंदोलन ने देशभर के युवाओं को जोड़ने का काम किया है, भविष्य में भी संगठन युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहेगा। उन्होंने आंदोलन में डटे रहे सभी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 37 दिन उनके और आंदोलन से जुड़े लोगों के लिए बहुत चुनौतीपूर्ण रहा क्योंकि इस दौरान वह टाइफाइड और तेज बुखार से भी जूझ रहे थे, जिसके कारण जंतर-मंतर पर मौजूद सभी लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात नहीं कर सके।
अभिजीत ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत मई महीने में एक व्यंग्यात्मक पहल के रूप में हुई थी, लेकिन कुछ ही समय यह आंदोलन के रूप में परिवर्तित हो गई। इस दौरान समर्थक जंतर-मंतर पहुंचे और नीट पेपर लीक मामले में कार्रवाई की मांग करते रहे। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को जिम्मेदार बताते हुए उनके इस्तीफे की मांग की थी। जिसके परिणामस्वरूप शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और सरकार की ओर से प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई न किए जाने का आश्वासन मिलने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने आंदोलन को समाप्त करने की घोषणा की।
अभिजीत दीपके ने कहा कि यह सफलता उन सभी युवाओं की बदौलत मिली है, जिन्होंने अनवरत अपना समर्थन दिया। हालांकि इस दौरान अभिजीत दीपके ने आंदोलन की आलोचना करने वालों का अभी आभार जताया है, उन्होंने कहा कि आलोचना के कारण उन्हें अपनी कमियों को सुधारने का मौका मिला है।
