सपा विरोध प्रदर्शन: दिल्ली के जंतर-मंतर जा रहे दिव्यांग सपा नेता समरजीत को पुलिस ने रोका, सड़क पर घिसटकर जताया विरोध

Spread the love

फोटो: महेंद्र गोंड

सपा विरोध प्रदर्शन: दिल्ली के जंतर-मंतर जा रहे दिव्यांग सपा नेता समरजीत को पुलिस ने रोका, सड़क पर घिसटकर जताया विरोध

अयोध्या। पेपर लीक और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे समाजवादी पार्टी के समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव एवं दिव्यांग नेता पंडित समरजीत को शनिवार को पुलिस ने शहर के तिकुनिया पार्क के पास रोक लिया। इस दौरान कुछ देर के लिए मौके पर हलचल का माहौल बन गया।

पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोके जाने पर समरजीत अपनी ट्राई बाइक से उतर गए और विरोध दर्ज कराने के लिए सड़क पर घिसटते हुए आगे बढ़ने लगे। यह दृश्य देखकर आसपास बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया और स्थिति को शांतिपूर्वक संभाला। काफी देर तक चली बातचीत के बाद समरजीत ने फिलहाल दिल्ली जाने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया।

फोटो: महेंद्र गोंड

समरजीत ने कहा कि देशभर में छात्र और युवा लगातार विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। ऐसे में वह जंतर-मंतर पहुंचकर सरकार के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने और युवाओं के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद करना चाहते थे।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार युवाओं के हितों के लिए संघर्ष कर रही है। पार्टी ‘जेल भरो आंदोलन’, पुतला दहन, धरना-प्रदर्शन और सड़क से लेकर सदन तक सरकार की नीतियों का विरोध कर रही है। उन्होंने दावा किया कि युवाओं के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

घटना के दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच किसी प्रकार की झड़प नहीं हुई। पुलिस अधिकारियों के समझाने पर मामला शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया और समरजीत अपने समर्थकों के साथ वापस लौट गए।


Spread the love

Related posts