
दस्तावेज लेखक एसोसिएशन: बीकापुर उप निबंधक कार्यालय में दस्तावेज लेखक एसोसिएशन का चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न, आम लोगों के लिए शेड और पेयजल की मांग उठी
बीकापुर, अयोध्या। उप निबंधक कार्यालय बीकापुर में दस्तावेज लेखक एसोसिएशन का चुनाव बुधवार को शांतिपूर्ण माहौल में सर्वसम्मति से संपन्न हो गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष शिव कुमार मिश्रा उर्फ पवन मिश्र ने पदभार ग्रहण करने के बाद बताया कि कार्यालय परिसर में लेखकों और रजिस्ट्री परिसर में आने वाले आम लोगों के लिए बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कहा कि बैठने के लिए पर्याप्त शेड नहीं है और पीने के पानी की भी उचित व्यवस्था नहीं है। अध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की कि परिसर में कम से कम दो शेड बनवाए जाएं और पेयजल की पुख्ता व्यवस्था की जाए।
महामंत्री विनय कुमार पांडेय ने कहा कि चुनाव के बाद अब सभी एकजुट होकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि दस्तावेज लेखक सरकार के राजस्व को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में सरकार को भी उनकी समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।
इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों के साथ एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष गुरु प्रसाद , दस्तावेज लेखक पियूष भट्ट,राम स्वरूप मिश्र, राधेश्याम राय,मदन मोहन दुबे आदि लोग बड़ी संख्या में दस्तावेज लेखक मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि वे पारदर्शिता के साथ काम करेंगे और सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।

