राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण: निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कांग्रेस ने निकाली ‘सद्बुद्धि यात्रा’*

Spread the love

फोटो: महेंद्र गोंड

राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण: कांग्रेस की ‘सद्बुद्धि यात्रा’…. हाईकोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में कथित वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने “सद्बुद्धि यात्रा” निकाली। जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह और महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कमला नेहरू भवन से रिकाबगंज चौराहे स्थित राम-जानकी मंदिर तक पदयात्रा की। मंदिर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीराम और हनुमान जी की पूजा-अर्चना की तथा हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कर मामले में सत्य सामने आने और दोषियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की।

जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोप बेहद गंभीर हैं। उन्होंने पूरे मामले की माननीय उच्च न्यायालय के किसी सिटिंग जज की निगरानी में निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने की मांग की। साथ ही दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और मंदिर की व्यवस्थाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कही।

महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम और हनुमान जी की भक्ति के नाम पर भाजपा का दोहरा चरित्र सामने आया है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए और करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।

पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह और रामदास वर्मा ने कहा कि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान और चढ़ावे में कथित गड़बड़ी की खबरों से देश-दुनिया के करोड़ों रामभक्तों की आस्था को ठेस पहुंची है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने गंभीर मामले में अभी तक दोषियों के नाम सार्वजनिक क्यों नहीं किए गए और उनके खिलाफ प्राथमिकी क्यों दर्ज नहीं हुई।

पूर्व विधायक माधव प्रसाद, अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष रामसागर रावत और राम अवध पासी ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में किसी भी वित्तीय अनियमितता के आरोपों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रहे और सच्चाई सामने आ सके।

फोटो: महेंद्र गोंड

प्रदर्शन में अमित जायसवाल, उग्रसेन मिश्रा, अनिल तिवारी, दिलीप कुमार, रविंद्र कुमार, राज प्रताप सिंह, मनोज जायसवाल, एजाज अहमद, विकास सिंह विक्की, दिनेश शुक्ला, आदिल कुरेशी, रुद्र प्रताप सिंह, रेनू राय, नाजिश फातिमा, दयाशंकर तिवारी, पंकज सिंह, डीएन वर्मा, बसंत मिश्रा, फ्लावर नकवी, अशोक राय, जय प्रताप गुप्ता, सुरेंद्र प्रताप सिंह, राजेश सोनी, धर्मेंद्र सिंह, कलीम खान, मेराज अहमद, नसरुद्दीन, विजय यादव, रविकांत श्रीवास्तव, ओंकारनाथ पांडे, गौरव सिंह, राजबहादुर सिंह, शैलेन्द्र विक्रम सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love

Related posts