सड़क सुरक्षा: सड़क हादसे के बाद पुलिस सख्त, हाईवे पर वाहन खड़ा करने और रात 10 बजे के बाद दुकानें खुली मिलने पर होगी कार्रवाई

Spread the love

सड़क सुरक्षा: भेलसर सड़क हादसे के बाद पुलिस सख्त, हाईवे पर वाहन खड़ा करने और रात 10 बजे के बाद दुकानें खुली मिलने पर होगी कार्रवाई

रुदौली अयोध्या। भेलसर स्थित रामनरेश मिष्ठान भंडार के सामने लखनऊ से अयोध्या जाने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-27) पर बीते दिन हुए भीषण सड़क हादसे के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।

भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह एवं सुजानगंज चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी भी प्रकार से वाहन खड़ा करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। हाईवे किनारे नो-पार्किंग का बोर्ड लगाकर वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को स्पष्ट रूप से आगाह किया गया है कि सड़क पर या उसके किनारे वाहन खड़ा करने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा कि रात 10:00 बजे के बाद यदि हाईवे के आसपास कोई दुकान, होटल या अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुला पाया गया तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य हाईवे पर यातायात को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखना तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को कम करना है।

इसी क्रम में भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह, सुजानगंज चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह तथा उनके हमराही पुलिसकर्मियों ने हाईवे क्षेत्र में पैदल एवं वाहन से गश्त कर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीम ने वाहन चालकों, होटल एवं दुकान संचालकों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें, सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न करें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

पुलिस का कहना है कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कोई व्यक्ति या प्रतिष्ठान निर्धारित नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया गया तो उसके विरुद्ध बिना किसी ढिलाई के वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love

Related posts