
महंत नृत्यगोपाल दास का 88वां जन्मोत्सव: कार्यक्रम पहुंचे महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव जी महाराज, सनातन एकता का किया आह्वान
अयोध्या। महंत नृत्यगोपाल दास के 88वें जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित समारोह में महामण्डलेश्वर स्वामी धर्मदेव जी महाराज शामिल हुए। इस अवसर पर आयोजित संत सम्मेलन में उन्होंने सनातन धर्म की रक्षा और समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए सभी सनातनियों से संगठित होने का आह्वान किया।
महामण्डलेश्वर स्वामी धर्मदेव जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में सनातन समाज को एकजुट होकर अपनी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मूल्यों की रक्षा करनी होगी। उन्होंने कहा कि संत समाज का दायित्व केवल आध्यात्मिक मार्गदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक और संगठित करना भी है।
राम मंदिर निर्माण से जुड़े कथित चंदा चोरी के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए महामण्डलेश्वर स्वामी धर्मदेव जी महाराज ने कहा कि जो भी व्यक्ति इस प्रकार के कृत्य में दोषी होगा, उसे उसके कर्मों का फल अवश्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि ईश्वर भी ऐसे लोगों को दंड देंगे और सरकार भी दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई करेगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक कार्य में पारदर्शिता और ईमानदारी सर्वोपरि है तथा ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सत्य सामने आ सके और दोषियों को उचित दंड मिले।
कार्यक्रम में देशभर से आए संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं ने महंत नृत्यगोपाल दास को 88वें जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

