भारतीय किसान यूनियन अटल: एडीए के जेई की संपत्तियों की जांच कराने को लेकर मुख्यमत्री को भेजा पत्र

Spread the love

भारतीय किसान यूनियन अटल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अमित सिंह ने लिखा सीएम को पत्र

अयोध्या। भारतीय किसान यूनियन अटल ने अयोध्या विकास प्राधिकरण में तैनात एक जेई की चल-चल संपत्ति की विजिलेंस जांच कराने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। भारतीय किसान यूनियन अटल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अमित सिंह की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे गए पत्र में अयोध्या विकास प्राधिकरण में नियुक्त जूनियर इंजीनियर अशोक मिश्रा की चल-अचल संपत्ति की विजिलेंस जांच कराने की मांग की गई है।

पत्र में कहा गया है कि हमारे संगठन को अयोध्या विकास प्राधिकरण में तैनात जूनियर इंजीनियर अशोक मिश्रा के विरुद्ध आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित एवं परेशान किए जाने को लेकर शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, इस प्रताड़ित नागरिकों में निम्न और मध्यम वर्ग के किसानों की संख्या विशेष रूप से अधिक है।

इसके अतिरिक्त भी इनके विरुद्ध अनेक गंभीर शिकायतें हमारे संज्ञान में हैं, जिनसे संबंधित प्रपत्र संगठन की ओर से शीघ्र ही आपसे व्यक्तिगत भेंट कर प्रस्तुत किया जाएगा। पत्र में कहा गया है कि इनके द्वारा की जा रही कार्यप्रणाली से आम जनमानस विशेषकर किसानों के बीच आपकी स्वच्छ एवं जनहितैषी छवि धूमिल हो रही है।

भारतीय किसान यूनियन अटल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर जूनियर इंजीनियर की चल-अचल संपत्तियों की जांच शासन की विजिलेंस इकाई से कराने की मांग की है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा भ्रष्टाचार पाया जाता है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

पत्र के माध्यम से उन्होंने कहा कि इस मांग के समर्थन में संगठन की विभिन्न जिला इकाइयों द्वारा भी शीघ्र ही स्थानीय स्तर पर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किए जाएंगे क्योंकि भ्रष्टाचार मुक्त उत्तर प्रदेश के निर्माण संकल्प में हमारा संगठन सदैव कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।


Spread the love

Related posts