
राम की राखी: हर साल की तरह इस साल भी रामलला को राखी भेजेंगी बहन शांता, डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने किया पोस्टर जारी
——आस्था और प्रेम का प्रतीक: राम जन्मभूमि में भव्य ‘राम की राखी’ महोत्सव का शंखनाद
गोसाईंगंज अयोध्या। अयोध्या में भगवान श्री राम को समर्पित अनूठे ‘राम की राखी’ महोत्सव का आज भव्य आगाज हो गया। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ में ‘श्री राम राखी महोत्सव’ के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया।
यह कार्यक्रम श्री सिंगी ऋषि बाबा महोत्सव सेवा संस्थान द्वारा आयोजित किया जा रहा है। संस्थान की ओर से प्रत्येक वर्ष रक्षाबंधन पर भगवान राम को राखी भेजने की परंपरा निभाई जाती है। इस वर्ष भी आश्रम की बहन शांता द्वारा राम जन्मभूमि में विराजमान भगवान राम के लिए राखी भेजी जाएगी।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
पोस्टर विमोचन के दौरान संस्थान के संरक्षक एवं साकेत महल के पीठाधीश्वर महंत सीताराम दास जी, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री अंजली सिंह, महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष शशि प्रभा सिंह, उपाध्यक्ष शरद यादव, संगठन उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह,मीडिया प्रभारी अनुराग सिंह तथा श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के मीडिया समन्वयक शरद शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
क्या है ‘राम की राखी’ की परंपरा
संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन कई वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। इसके तहत रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बहन शांता द्वारा भगवान राम के लिए विशेष रूप से तैयार की गई राखी राम जन्मभूमि मंदिर भेजी जाती है। इस वर्ष भी कार्यक्रम को भव्य रूप से मनाने की तैयारी है।
डिप्टी सीएम ने दी शुभकामनाएं
पोस्टर का विमोचन करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सनातन संस्कृति और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को मजबूती देते हैं। भगवान राम सभी के आराध्य हैं और यह पहल आस्था का प्रतीक है।
‘राम की राखी’ महोत्सव के तहत रक्षाबंधन से पहले कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें भजन-कीर्तन और राम कथा प्रमुख रहेंगे।
