
राममंदिर चढ़ावा विवाद: रामजन्मभूमि चढ़ावे में कथित गड़बड़ी पर तहरीर, दोषियों पर कार्रवाई की उठी मांग
अयोध्या। वर्तमान में चर्चा में चल रहे रामजन्मभूमि चढ़ावा में चोरी के मामले में हिंदूवादी संगठन की ओर से शनिवार को सीओ अयोध्या को तहरीर सौंपी गई है। इसकी प्रतिलिपि एसएसपी को संबोधित की गई है। तहरीर में मामले की सक्षम एजेंसी से उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी कर्मियों तथा पदाधिकारियों के खिलाफ जांच करवा कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अयोध्या को सौंपी गई शिकायत में संगठन के विक्रम मणि तिवारी का कहना है कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर देश विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का केंद्र हैं। इसी श्रद्धा और विश्वास के कारण देश-विदेश से आने वाले भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार भगवान और मंजूर को दान देते हैं। मौजूदा समय में मीडिया और समाज में राममंदिर के चढ़ावे में गबन अथवा वित्तीय अनियमितता की चर्चा चल रही है। कहा जा रहा है कि कुछ लोगों से दान की हड़पी है रकम बरामद भी हुई है और गिनती कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरे में कुछ लोगों के खिलाफ साक्ष्य भी मिले हैं।
यह कृत्य और घटना भारतीय न्याय संहिता के तहत दंडनीय अपराध ही नहीं बल्कि करोड़ों रामभक्तों की धार्मिक भावनाओं को क्षति पहुंचाने वाला है। ऐसे में आपराधिक साजिश,गबन और धोखाधड़ी,धर्म, जाति, जन्म स्थान आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता बढ़ाने वाला है। ऐसे में तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर पूरे प्रकरण की
विवेचना कराई जाए और इस हाई प्रोफाइल प्रकरण की किसी स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय एजेंसी जैसे सीबीआई, ईडी,ईओडब्ल्यू (CBI/ED/EOW) अथवा
अन्य सक्षम एजेंसी से दानराशि के संग्रहण, गणना, परिवहन एवं बैंक में जमा करने की संपूर्ण प्रक्रिया तथा मामले में संलिप्त कर्मचारी, अधिकारी और ट्रस्ट पदाधिकारी के भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए।लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए जांच के निष्कर्ष को सार्वजनिक किया जाए तथा दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

