नगर पंचायत गोसाईगंज: 26वीं बोर्ड बैठक संपन्न,18 प्रस्तावों को मिली स्वीकृति

Spread the love

नगर पंचायत गोसाईगंज: 26वीं बोर्ड बैठक संपन्न,18 प्रस्तावों को मिली स्वीकृति

गोसाईंगंज अयोध्या। नगर पंचायत गोसाईगंज की 26वीं बोर्ड बैठक सोमवार को चेयरमैन डॉ0 विजयलक्ष्मी जायसवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई।सुबह11 बजे प्रारंभ हुई बोर्ड बैठक लगभग चार घंटे तक चली, जिसमें नगर के विकास कार्यों की समीक्षा, पिछली बैठकों की पुष्टि, नई योजनाओं एवं नियमावलियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कुल 18 प्रस्तावों पर विचार करते हुए बोर्ड द्वारा सर्वसम्मति से संस्तुति प्रदान की गई।

बैठक में आगामी त्योहारों मोहर्रम एवं दुर्गा पूजा के मद्देनजर सुरक्षा, स्वच्छता, नदी सफाई एवं नाला सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विशेष चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त नगर के विभिन्न वार्डों में सड़क निर्माण, नाली, पटिया, पाइपलाइन विस्तार तथा सड़कों के नामकरण संबंधी प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

कस्बे वासियों को लंबे समय से लंबित दाखिल-खारिज प्रक्रिया में राहत देने के लिए 15 जुलाई से 15 अगस्त तक विशेष शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान 5 प्रतिशत शुल्क की दर से दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूर्ण कराने पर सभी सदस्यों ने सहमति व्यक्त की।

बैठक में 9 मई 2025 के शासनादेश, जिसमें दाखिल-खारिज प्रक्रिया को हाउस टैक्स रसीद से जोड़ने का प्रावधान किया गया है, पर भी चर्चा हुई। बोर्ड के सदस्यों ने सर्वसम्मति से इस व्यवस्था का विरोध करते हुए कहा कि इससे नागरिकों को नकल, वरासत, वसीयत, नक्शा स्वीकृति एवं विभिन्न कनेक्शनों जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से बाध्य होना पड़ेगा। बोर्ड ने इस संबंध में शासनादेश का अनुमोदन न करने का निर्णय लिया।

वंही 18 मई 2026 को 11 सभासदों के नाम से प्रस्तुत एक पत्र पर चर्चा करते हुए अधिकांश सभासदों ने उसे भ्रामक एवं संदर्भहीन बताते हुए खारिज कर दिया। सभासदों ने स्पष्ट किया कि नगर पंचायत बोर्ड पूरी तरह एकजुट है और नगर के विकास कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है। इस संबंध में सभासदों ने अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी को एक लिखित पत्र भी सौंपा।

बैठक में महादेव घाट पर स्वागत द्वार निर्माण, वीर सावरकर ब्रिज के सौंदर्यीकरण तथा मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में प्रस्तावित विकास परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। लगभग 10 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं पर मंथन किया गया, जिनका लाभ शीघ्र ही कस्बेवासियों को मिलने की उम्मीद है।चेयरमैन डॉ0 विजयलक्ष्मी जायसवाल ने कहा कि आगामी दिनों में नगर पंचायत के विकास कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी तथा नागरिकों को कई नई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके साथ ही अगले माह तक नगर की सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ किए जाने की योजना है।बैठक में ईओ विनय कुमार द्विवेदी, सभासद रविंद्र यादव, कालीचरण वर्मा, अवधेश स्वर्णकार, करुणाकर वर्मा, इम्तियाज उल हक, प्रवीण कुमार, ध्रुव भोजवाल, नामित सभासद बजरंग प्रसाद चौरसिया, मीना गुप्ता, श्रीमती देवी तथा सभासद प्रतिनिधि श्यामलाल, अजय कनौजिया, दिनेश जायसवाल, जगदंबा कसौधन, आलोक गुप्ता एवं उत्कर्ष शेखर जायसवाल उपस्थित रहे।


Spread the love

Related posts