सीएम योगी का दौरा: अयोध्या में धर्म, संस्कृति और विकास का संगम, करेंगे कई परियोजनाओं का लोकार्पण

Spread the love

 

सीएम योगी का दौरा: करीब 10 करोड़ की लागत से बना है रामायण वैक्स म्यूजियम

जैन मंदिर पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होंगे मुख्यमंत्री योगी

महंत नृत्य गोपालदास के जन्मोत्सव में जुटेंगे संत-महंत और गणमान्य अतिथि, सीएम योगी भी रहेंगे मौजूद

अयोध्या: रामनगरी अयोध्या शुक्रवार को धार्मिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक गतिविधियों का केंद्र बनेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 जून को अयोध्या और रुदौली क्षेत्र के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वह श्री ऋषभ देव दिगंबर जैन मंदिर में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में सहभागिता करेंगे तथा महंत नृत्य गोपालदास के जन्मोत्सव समारोह में भी शामिल होंगे। इसके बाद लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बने रामायण वैक्स म्यूजियम का लोकार्पण करेंगे। वहीं रुदौली में मां कामाख्या धाम में दर्शन-पूजन कर विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इस दौरान क्षेत्र को 25 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात मिलेगी।

रामनगरी अयोध्या शुक्रवार को एक साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक गतिविधियों की साक्षी बनेगी। 19 जून को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए अयोध्या पहुंचेंगे। उनके कार्यक्रमों में श्री ऋषभ देव दिगंबर जैन मंदिर पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव, महंत नृत्य गोपालदास जी का जन्मोत्सव समारोह, रामायण वैक्स म्यूजियम का लोकार्पण तथा नगर निगम अयोध्या की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास शामिल है।

जैन समाज के लिए विशेष महत्व का दिन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 3:30 बजे श्री ऋषभ देव दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होंगे। जैन धर्म में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का विशेष महत्व है। यह आयोजन तीर्थंकरों के जीवन से जुड़े पांच प्रमुख कल्याणकों, गर्भ, जन्म, तप, केवलज्ञान और मोक्ष की स्मृति में मनाया जाता है। इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से आए जैन श्रद्धालु, संत और धर्माचार्य मौजूद रहेंगे। अयोध्या का जैन धर्म से भी गहरा संबंध माना जाता है। सीएम योगी योगी की उपस्थिति इस कार्यक्रम को और अधिक महत्वपूर्ण बनाएगी।

महंत नृत्य गोपालदास के जन्मोत्सव में सीएम योगी समेत तमाम गणमान्य होगें शामिल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम करीब 4:20 बजे महंत नृत्य गोपालदास जी के जन्मोत्सव समारोह में शामिल होंगे। महंत नृत्य गोपालदास रामजन्मभूमि आंदोलन और सनातन परंपरा के प्रमुख संतों में माने जाते हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। इस जन्मोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संत-महंत समेत तमाम गणमान्य शामिल होंगे।

रामायण वैक्स म्यूजियम से पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

कांशीराम कॉलोनी के पास लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बने रामायण वैक्स म्यूजियम का शाम करीब 5:10 बजे सीएम योगी लोकार्पण करेंगे। यह म्यूजियम अयोध्या के सांस्कृतिक और पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। म्यूजियम में रामायण के विभिन्न प्रसंगों, भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान और अन्य प्रमुख पात्रों की जीवंत मोम प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इसके अलावा नगर निगम अयोध्या की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी होगा।

25 करोड़ से ज्यादा माँ कामाख्या धाम में सौगात

मुख्यमंत्री Yogi Adityanath शुक्रवार सुबह करीब 10:35 बजे रुदौली विधानसभा क्षेत्र स्थित मां कामाख्या धाम हेलीपैड पर पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री मां कामाख्या मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे तथा वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही वह क्षेत्र की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे।

मुख्यमंत्री आर्युवेदिक मेडिकल कॉलेज, बाबा बाजार के नवीन थाना भवन, भेलसर स्थित रजिस्ट्री भवन तथा फेलसंडा रुदौली में निर्मित मंडलीय प्रयोगशाला भवन का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम के दौरान रुदौली विधानसभा क्षेत्र को 25 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा कार्यक्रम स्थल पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।


Spread the love

Related posts