
नगर पंचायत गोसाईगंज में आधार संशोधन केंद्र का शुभारंभ
गोसाईंगंज अयोध्या। गोसाईंगंज नगर पंचायत में बुधवार से कस्बेवासियों के लिए आधार कार्ड संसोधन की सुविधा का शुभारंभ किया गया।जिसका उद्घाटन चेयरमैन डॉ0 विजयलक्ष्मी जायसवाल ने कार्यालय परिसर मे किया।
इस केंद्र के प्रारंभ होने से अब कस्बा गोसाईगंज एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को आधार कार्ड में संशोधन कराने के लिए दूर-दराज के केंद्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
नगर पंचायत कार्यालय में ही आधार से संबंधित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। केंद्र पर आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर एवं अन्य डेमोग्राफिक अपडेट के साथ-साथ फोटो, फिंगरप्रिंट एवं आईरिस स्कैन जैसे बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
ज्ञात हो कि विगत माह चेयरमैन डॉ0 विजयलक्ष्मी जायसवाल द्वारा श्रीट्रोन इंडिया लिमिटेड कंपनी गाजियाबाद को नगर पंचायत परिसर में आधार संशोधन केंद्र स्थापित करने हेतु पत्राचार किया गया था। स्वीकृति प्राप्त होते ही आज इस केंद्र का शुभारंभ कर दिया गया। इस आधार संशोधन केंद्र को शुरू कराने में अमित तिवारी का भी सहयोग रहा।
यह केंद्र प्रत्येक कार्य दिवस पर प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक संचालित रहेगा। आवेदकों की संख्या अधिक होने की स्थिति में नागरिकों की सुविधा हेतु टोकन सिस्टम के माध्यम से आधार संशोधन कार्य किया जाएगा। चेयरमैन डॉ0 विजयलक्ष्मी जायसवाल ने कस्बेवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस नई सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आधार से संबंधित आवश्यक संशोधन समय पर कराएं।
