
महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर यात्री सुविधा दिवस आयोजित
अयोध्या। हवाई अड्डा सेवाओं को अधिक यात्री-केंद्रित बनाना तथा विभिन्न हितधारकों के बीच समन्वय को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा में यात्री सुविधा दिवस आयोजित किया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों के लिए आयोजित करियर काउंसलिंग सत्र उन्हें विमानन क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों, एयरपोर्ट ऑपरेशंस, ग्राउंड हैंडलिंग, सुरक्षा सेवाएँ एवं अन्य संबंधित क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही कौशल विकास एवं भविष्य की रोजगार संभावनाओं पर भी मार्गदर्शन दिया गया। हवाई अड्डा निदेशक धीरेन्द्र सिंह ने आयोजित की गई विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहित, यात्री सुविधा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे। इस अवसर पर वंदे मातरम् सामूहिक प्रस्तुति का आयोजन किया गया, जिसमें AAI अधिकारियों, CISF जवानों एवं एयरलाइंस प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

पर्यावरण संरक्षण का भी दिया गया संदेश
पर्यावरण संरक्षण के तहत हवाई अड्डा परिसर एवं विभिन्न विद्यालयों में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं हवाई अड्डा कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की। हाउसकीपिंग स्टाफ एवं एयरलाइन कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं यात्री सेवा के प्रति समर्पण हेतु सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन
यात्रियों, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के कार्मिकों एवं अन्य हितधारकों के लिए मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श सेवाएँ प्रदान की गईं।
बच्चों के लिए आयोजित हुई प्रतियोगिता
विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने यात्री सुरक्षा, स्वच्छ हवाई अड्डा एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता प्रस्तुत की।

