
Highway Accident: अयोध्या दर्शन जा रहे 5 श्रद्धालु सड़क हादसे में घायल, कार को पिकअप ने मारी टक्कर
बीकापुर। अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार रविवार को सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में कार सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बीकापुर में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दर्शननगर स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कूरेभार से अयोध्या दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं के डिजायर कार को पीछे से पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह से छतिग्रस्त हो गई। सड़क दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर ले आई, जहां पर प्राथमिक उपचार करने के बाद चिकित्सक डॉ एसके मौर्या ने गहन चिकित्सा इलाज के लिए दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बीकापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी बीकापुर पहुंचाया।
सीएचसी बीकापुर में तैनात चिकित्सक डॉ. एस.के. मौर्य ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें गहन चिकित्सा एवं विशेषज्ञ उपचार के लिए दर्शननगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घायलों में विमल वर्मा (25) पुत्र रामकृपाल वर्मा निवासी इंछुरी, प्रियांशु वर्मा (26) पुत्र अरुण वर्मा निवासी जमौली खुर्द, अमन वर्मा (28) पुत्र रामचंद्र वर्मा निवासी इंछुरी, शिवशंकर वर्मा (22) पुत्र हरगोविंद वर्मा निवासी इंछुरी तथा अमन तिवारी (23) पुत्र जयशंकर तिवारी निवासी दखिनपारा, जनपद सुल्तानपुर शामिल हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

