IGRS Ranking: जनशिकायतों के निस्तारण में अयोध्या का शानदार प्रदर्शन, आईजीआरएस में 7वीं रैंक

Spread the love

IGRS Ranking: जनशिकायतों के निस्तारण में अयोध्या का शानदार प्रदर्शन, आईजीआरएस में 7वीं रैंक

अयोध्या। जनशिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में अयोध्या जिले ने प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है। आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) की अगस्त माह की नवीनतम रैंकिंग में अयोध्या को प्रदेश में 7वां स्थान प्राप्त हुआ है।

इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, निरंतर अनुश्रवण और जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपरक निस्तारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में शिकायतों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल समय सीमा के भीतर करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि और समस्या के वास्तविक समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए अधिकारियों द्वारा शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि के लिए सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस रैंकिंग में 7वां स्थान टीम अयोध्या के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि इसी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को भविष्य में अयोध्या को प्रदेश की शीर्ष रैंकिंग में पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।


Spread the love

Related posts