
राममंदिर चढ़ावा विवाद: राम मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध पर शासन ने गठित की तीन सदस्यीय समिति
लखनऊ। राम मंदिर में चढ़ावे के चोरी के आरोपों की चर्चा के बीच शासन की ओर जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है। जांच के लिए गठित की गई यह समिति सात दिन में प्रारंभिक रिपोर्ट जबकि 15 दिन में अंतिम रिपोर्ट देगी।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अनुरोध पर शासन की ओर से गठित जांच समिति में लखनऊ के मंडलायुक्त आईएएस विजय विश्वास पंत, आईजी रेंज आईपीएस किरन एस व विशेष सचिव वित्त नील रतन राम मंदिर में चढ़ावे में हो रही कथित हेराफेरी की जांच करेंगे। यह समिति सात दिन में अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौपेंगी जबकि 15 दिन में अपनी अंतिम जांच रिपोर्ट सौंपेगी।
बता दें कि राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी को लेकर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट कर आरोप लगाया था। अखिलेश यादव के इसी पोस्ट के बाद श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय में अपनी प्रतिक्रिया देकर सफाई दी थी। इसी के बाद से सियासी खेमे में हलचल मच गई। इसके बाद मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी राम मंदिर ट्रस्ट के कार्यशैली सवाल उठाया था और मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। सोशल मीडिया सहित पूरे देश में यह चर्चा तेज हो गई।

