हादसा: मवई चौराहे पर चलती पल्सर बाइक में लगी आग, देखते ही देखते जलकर राख

Spread the love

 

हादसा: मवई चौराहे पर चलती पल्सर बाइक में लगी आग, देखते ही देखते जलकर राख

मवई, अयोध्या। मवई थाना क्षेत्र के मवई चौराहा स्थित अतुल चाट कॉर्नर के सामने गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बाबूलाल सोनी की पल्सर बाइक में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा। हलाकि चालक ने समय रहते बाइक से कूदकर जान बचाई।

बाइक में अचानक लगी भीषण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें काफी देर तक उठती रहीं, जिससे चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मवई थाना प्रभारी मनोज कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास किया गया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। घटना से क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

थाना प्रभारी मनोज कुमार यादव ने बताया कि बाइक में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच जारी है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की।


Spread the love

Related posts