
सांकेतिक फोटो
साकेतपुरी क्षेत्र स्थित एक होम स्टे में ले गए थे, बदहवाश देवकाली क्षेत्र में मिली थी किशोरी
अयोध्या। नगर कोतवाली के देवकली क्षेत्र में पधारवास दाल में मिली किशोरी के मामले में पुलिस ने आबरू पर हमले का मामला दर्ज किया है। प्रकरण में पुलिस ने गोंडा और बस्ती जनपद के रहने वाले कुल छह युवकों को गिरफ्तार कर उनका चालान किया है।
घटनाक्रम के मुताबिक गैर जनपद निवासी एक किशोरी को उसका प्रेमी अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के साकेत पुरी कॉलोनी के निकट स्थित एक होम स्टे में ले गया था। आरोप था कि किशोरी के साथ उसके प्रेमी के दोस्तों ने अमानवीय हरकत की। शनिवार की देर शाम कि इस घटना में पीडित किशोरी देवकली क्षेत्र में बदहवास हाल में मिली थी।
मामले की जानकारी पर अयोध्या और नगर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की और काफी देर मामला सीमा विवाद में उलझा रहा। घटना अयोध्या कोतवाली में हुई और पीड़िता नगर कोतवाली क्षेत्र में मिली। पुलिस की जांच पड़ताल में घटना की पुष्टि हुई और क्षेत्र के ही एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपियों तथा किशोरी की तस्वीर कैद मिली।
छानबीन आगे बढ़ी तो पता चला कि मामला आपसी प्रेम प्रसंग तथा उसमें अन्य युवकों के शामिल होने के कारण विवाद से जुड़ा पाया गया। घटना से जुड़े कुल आरोपियों की संख्या सात बताई गई। सोमवार की शाम नगर कोतवाली पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया था और प्राप्त शिकायत के आधार पर हमले तथा पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट पंजीकृत की।
मंगलवार को नगर कोतवाल अश्वनी कुमार पांडेय ने बताया कि किशोरी प्रकरण में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी शिवा सिंह उर्फ छोटू 21 वर्ष निवासी चडावा थाना वजीरगंज जिला गोंडा, आदित्य मौर्य 24 वर्ष निवासी भगोहर थाना वजीरगंज जिला गोंडा, अरुण कुमार 21 वर्ष निवासी खास थाना हरैया जिला बस्ती, वरुण सिंह 21 वर्ष निवासी मुरादीपुर थाना हरैया जिला बस्ती,गिरिजेश सोनी 18 वर्ष निवासी कनरकपुर थाना पैकोलिया जिला बस्ती और दीपक सिंह 18 वर्ष निवासी रेउवा बाबू थाना हरैया जिला बस्ती का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया गया है।

