जिला चिकित्सालय इमरजेंसी ओपीडी में दो एसी खराब

Spread the love

भीषण गर्मी के बीच इमरजेंसी में बढ़ी दिक्कत, वार्डों में कूलर भी बिना पानी के…..

अयोध्या। जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी ओपीडी में लगे तीन एसी में से दो खराब होने से मरीजों और तीमारदारों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार आकस्मिक चिकित्सा कक्ष में एक नया एसी हाल ही में लगाया गया था।

लेकिन वह भी कुछ ही दिनों में खराब हो गया।भीषण गर्मी के बीच सबसे पहले गंभीर मरीज इलाज के लिए इमरजेंसी ओपीडी पहुंचते हैं। चिकित्सक मरीजों का उपचार तो कर रहे हैं, लेकिन खराब एसी के कारण मरीजों और तीमारदारों को उमस और गर्मी से भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

अस्पताल आने वाले लोगों का कहना है कि इमरजेंसी जैसे महत्वपूर्ण विभाग में शीतलन व्यवस्था दुरुस्त रहना बेहद जरूरी है, लेकिन लंबे समय से एसी खराब पड़े हैं और अब तक उनकी मरम्मत नहीं कराई गई है। आरोप है कि प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश सिंह और अधीक्षक डॉ. अजय चौधरी की ओर से इस समस्या के समाधान के लिए गंभीर पहल नहीं की जा रही है।

वहीं अस्पताल के वार्डों में लगाए गए कूलरों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। कई कूलरों में नियमित रूप से पानी नहीं भरा जा रहा, जिससे वे शोपीस बनकर रह गए हैं। इससे भर्ती मरीजों को भी गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

अब देखना होगा कि अस्पताल प्रशासन इमरजेंसी ओपीडी में खराब पड़े एसी और वार्डों की कूलिंग व्यवस्था को कब तक दुरुस्त करा पाता है।


Spread the love

Related posts