
दुर्गा पूजा महोत्सव 2026: मूर्तिकार के टीम संग फरार होने के बाद दुर्गा पूजा उत्सव पर गहराया संकट, तलाश में जुटी पलिस
अयोध्या। रामनगरी के देवकाली इलाके में दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब दुर्गा प्रतिमाएं तैयार कर रहा मूर्तिकार उत्तम पाल अपनी टीम के साथ अचानक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि मूर्तिकार ने शहर, ग्रामीण क्षेत्र और दूसरे जनपदों की करीब 125 दुर्गा प्रतिमाएं तैयार करने का ऑर्डर ले रखा था। प्रतिमाओं की बुकिंग के लिए कई दुर्गा पूजा समितियों की ओर से उसे एडवांस रकम भी दी गई थी।

मूर्तिकार के अचानक गायब होने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में दुर्गा पूजा समितियों के लोग देवकाली स्थित मौके पर पहुंच गए। वहां तैयार की जा रही कई दुर्गा प्रतिमाएं आधी-अधूरी अवस्था में मिलीं। प्रतिमाओं के समय पर तैयार होने को लेकर समितियों की चिंता बढ़ गई है।
रात करीब दो बजे टीम के साथ जाता दिखा मूर्तिकार
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में रात करीब दो बजे के बाद मूर्तिकार उत्तम पाल अपनी टीम के साथ मौके से जाता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद से उसके वापस नहीं लौटने की बात सामने आई है। मूर्तिकार के अचानक चले जाने के कारण पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सूचना पर पूजा समितियों में मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचा भारी पुलिस बल
मूर्तिकार के फरार होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में दुर्गा पूजा समितियों के लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। समितियों के लोगों ने मूर्तिकार के अचानक चले जाने से उत्पन्न स्थिति को लेकर चिंता जताई है।
करीब दो लाख रुपये के बांस का भुगतान भी बताया जा रहा बकाया
जानकारी के अनुसार, दुर्गा प्रतिमाएं तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए गए बांस का भी करीब दो लाख रुपये का भुगतान बकाया बताया जा रहा है। ऐसे में मूर्तिकार के अचानक गायब होने के बाद प्रतिमाओं की तैयारी से जुड़े अन्य लोगों के सामने भी परेशानी खड़ी हो गई है।
अधूरी प्रतिमाओं ने बढ़ाई पूजा समितियों की चिंता
दुर्गा पूजा का आयोजन नजदीक आने के साथ ही समितियों के सामने सबसे बड़ी चिंता प्रतिमाओं को समय पर तैयार कराने की है। मौके पर कई प्रतिमाएं अधूरी पड़ी हैं। समितियों का कहना है कि यदि जल्द वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हुई तो पूजा कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। मूर्तिकार उत्तम पाल और उसकी टीम के अचानक मौके से जाने के पीछे क्या कारण है और एडवांस रकम लेने के बाद वह कहां गया, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। समितियों के लोगों ने पूरे मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
