
Ayodhya Rain: रिमझिम बारिश से किसानों के चेहरे पर आई मुस्कान, खरीफ फसलों के लिए अमृत बनी बारिश
तारून, अयोध्या। दो दिनों से हो रही रिमझिम बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है । सितंबर के अंतिम दिनों में हुई बारिश खेतों में खड़ी खरीफ फसलों के लिए राहत लेकर आई है । आसमान से बरस रही बूंद से खेतों में नमी बढ़ गई है । जिससे धान समेत अन्य फसलों की बढ़वार को फायदा मिलने की उम्मीद है ।
ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के बाद खेतों का नजारा भी बदला हुआ नजर आ रहा है ।समूचे इलाके में खेतों में हरियाली बढ़ गई है । धान की फसलों को इस समय पर्याप्त नमी मिलने से किसानों को सिंचाई के लिए अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा । किसानों का कहना है कि बारिश यदि इसी तरह संतुलित रूप से होती रही तो फसलों की स्थिति और बेहतर हो सकती है । ग्रामीणों का कहना है कि बारिश ने खेती किसानी को लेकर उनकी चिंता कुछ कम की है। अच्छी बारिश से इस बार बेहतर पैदावार की उम्मीद भी बढ़ी है।

