Crime News: ज्वैलरी दुकान में चोरी की कोशिश नाकाम, बाइक-मोबाइल छोड़कर फरार हुए बदमाश

Spread the love

Crime News: ज्वैलरी दुकान में चोरी की कोशिश नाकाम, बाइक-मोबाइल छोड़कर फरार हुए बदमाश

बीकापुर, अयोध्या। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी चौरे बाजार की सक्रियता से गुरुवार रात एक ज्वैलरी की दुकान में बड़ी चोरी होने से बच गई। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की घेराबंदी के चलते बदमाश चोरी करने में तो असफल रहे, लेकिन वे अपनी मोटरसाइकिल और मोबाइल समेत कई सामान मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार रात करीब 12 बजे की है। मंगारी फर्टिलाइजर चौराहे पर स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान का ताला दो संदिग्ध युवक तोड़ रहे थे। इसी बीच स्थानीय लोगों की नजर उन पर पड़ी और उन्होंने बिना वक्त गंवाए तुरंत इसकी सूचना चौरे बाजार पुलिस चौकी को दी। पुलिस को देख रात के अंधेरे का उठाया फायदा दोनों अज्ञात युवक भागने में कामयाब हो गए।

चौरे बाजार चौकी इंचार्ज बुद्धिमान सिंह और दीवान शैलेंद्र यादव बिना कोई देरी किए तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस की गाड़ी देखते ही बदमाशों के होश उड़ गए और वे भागने लगे। पुलिस और स्थानीय क्षेत्रवासियों ने तत्परता दिखाते हुए काफी दूर तक बदमाशों का पीछा किया। हालांकि, लगातार हो रही बरसात और रात के घने अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों बदमाश भाग निकलने में कामयाब रहे।

मौके पर छूटा सामान, जांच में जुटी पुलिस

हड़बड़ाहट में भागते समय चोर अपनी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, कई तालों के गुच्छे (चाभियां) और ताला तोड़ने वाली लोहे की रॉड वहीं छोड़ गए। पुलिस ने मौके से बरामद सभी सामानों को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद मोबाइल और मोटरसाइकिल के नंबर के जरिए बदमाशों के सुराग लगाए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

 


Spread the love

Related posts