
Ayodhya Nagar Nigam Action: चौक से फतेहगंज तक नालियों से हटवाई गई जाली, दी गई हिदायत
अयोध्या। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। साप्ताहिक बंदी के दिन गुरुवार को नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने चौक से फतेहगंज तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान के दौरान परिवर्तन दस्ते की ओर से दुकानों के सामने नालियों पर अवैध रूप से लगाई गई लोहे की जालियों को हटाया गया। साथ ही सड़क पर किए गए अन्य अतिक्रमणों को भी हटाकर मार्ग को खाली कराया गया, जिससे आवागमन में आने वाली बाधाओं को दूर किया जा सके।
नगर निगम की टीम ने सड़क किनारे ठेला, खोमचा और पटरी लगाकर व्यापार करने वाले दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे सार्वजनिक रास्ते पर दुकान न लगाएं। अधिकारियों ने सभी व्यापारियों से निर्धारित स्थानों पर ही अपना व्यवसाय संचालित करने की अपील की।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना, सड़क पर होने वाले जाम की समस्या को कम करना और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।
नगर निगम के जोनल अधिकारी सुब्रत तिवारी का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की कि सभी अभियान में सहयोग करें और शहर को स्वच्छ,व्यवस्थित एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने में प्रशासन का साथ दें।
इस व्यस्त मार्ग पर रहता है ठेला खोमचा वालों का कब्जा
शहर की पुरानी बाजार में शुमार इस रूट पर आए दिन जाम के हालात रहते हैं। चौक से फतेहगंज ही नहीं बल्कि मकबरा होते हुए नाका तक सड़क की दोनों पटरियों पर अतिक्रमण पसरा रहता है। स्थाई दुकानदार भी अपना सामान दुकान के बाहर रख देते हैं। वाहन पार्किंग की कोई व्यवस्था न होने के कारण दो पहिया और चार पहिया से लेकर ई रिक्शा और ठेला खोमचा सड़क की पटरियों पर खड़े किए जाते हैं।
