
व्यापार अधिकार मंच का ऐलान: ऑनलाइन व्यापार और सीपी टैक्स के विरोध में 5 अक्टूबर को मौन प्रदर्शन
अयोध्या। व्यापार अधिकार मंच के प्रमुख पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक संयोजक एवं भाजपा नेता सुशील जायसवाल की अध्यक्षता में उनके आवासीय कार्यालय पर आयोजित हुई। बैठक में ऑनलाइन व्यापार, जिला पंचायत विभाग द्वारा लगाए जा रहे संपत्ति एवं वैभव कर (सीपी टैक्स) समेत ग्रामीण व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए व्यापार अधिकार मंच के संयोजक सुशील जायसवाल ने कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते प्रभाव के कारण स्थानीय बाजारों से उपभोक्ताओं के साथ-साथ बाजारों की रौनक भी गायब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के व्यापारियों पर जिला पंचायत विभाग द्वारा संपत्ति एवं वैभव कर के माध्यम से कथित तौर पर दबाव बनाया जा रहा है। इससे छोटे और ग्रामीण व्यापारियों में नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि मिल्कीपुर उपचुनाव के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष भी इस मुद्दे को रखा गया था और मुख्यमंत्री द्वारा संज्ञान लिए जाने के बावजूद अभी तक कोई आशाजनक कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इससे व्यापारी समाज में यह भावना पैदा हो रही है कि वर्तमान समय में भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
व्यापार अधिकार मंच के जिलाध्यक्ष अरुण गुप्ता ने भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी से वार्ता कर मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र सौंपने के लिए समय लिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से व्यापारी प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कराने का आग्रह किया, ताकि जनपद अयोध्या सहित पूर्वांचल के ग्रामीण व्यापारियों को संपत्ति एवं वैभव कर से राहत दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई हो सके।
बैठक में ऑनलाइन व्यापार और सीपी टैक्स के विरोध में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 5 अक्टूबर को व्यापार अधिकार मंच के प्रमुख पदाधिकारी सड़क पर उतरकर मौन विरोध प्रदर्शन करेंगे। संगठन ने इसे ग्रामीण व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

बैठक के अंत में फैजाबाद-अयोध्या के पूर्व सांसद डॉ. निर्मल खत्री की धर्मपत्नी एवं समाजसेविका स्वर्गीय बीना खत्री के निधन पर शोक सभा आयोजित की गई। सभी पदाधिकारियों ने मौन धारण कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर राजेश सिंह उपाध्यक्ष, दयाल दास, पंकज कौशल, श्याम किशोर कौशल, संतोष कुमार कौशल, दशरथ कौशल, डॉ. बजरंगी वर्मा, सूरज शर्मा, रोशन जायसवाल, संजय गुप्ता, मनोज गुप्ता, शुभम गुप्ता, शैलेंद्र यादव, लक्ष्मी प्रसाद कसौंधन, राजकुमार यादव, प्रवेश पाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
