मेडिकल कॉलेज निरीक्षण: मेडिकल कॉलेज में गंदगी पर डीएम सख्त, सफाई व लाउंड्री एजेंसियों का भुगतान रोका

Spread the love

मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करते जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, फोटो: महेंद्र गोंड

मेडिकल कॉलेज निरीक्षण: लापरवाही और गंदगी पर जिलाधिकारी सख्त, संबंधित एजेंसियों का भुगतान रोकने के निर्देश

अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शुक्रवार को दर्शननगर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। ओपीडी, आईसीयू और विभिन्न वार्डों का जायजा लेने के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई और लाउंड्री व्यवस्था में गंभीर खामियां मिलने पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाया। डीएम ने सफाई और लाउंड्री का कार्य देख रही एजेंसियों का भुगतान तत्काल प्रभाव से रोकने तथा दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कई वार्डों में गंदगी मिलने पर सफाई का जिम्मा संभाल रही प्राइम क्लिनिक एजेंसी को फटकार लगाई गई। वहीं कई बेड पर अस्वच्छ, फटी और पुरानी चादरें मिलने पर लाउंड्री कार्य देख रही श्री एंटरप्राइजेज के प्रति भी नाराजगी जताई गई। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के बाहर संचालित खाद्य सामग्री की दुकानों की गुणवत्ता की भी जांच कराने के निर्देश खाद्य विभाग को दिए। उन्होंने नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व ) अमित कुमार भट्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र भिटौरिया, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदित्य विक्रम अग्रवाल, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. दिनेश सिंह मारतोलिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love

Related posts