
कांवड यात्रा को लेकर विशेष तैयारी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 24 घंटे CCTV से निगरानी
लखनऊ। सावन माह में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश में पश्चिम से लेकर पूर्वी हिस्से तक प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने महत्वपूर्ण बैठकें कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
कांवड़ यात्रा के दौरान दुकानों और प्रतिष्ठानों की पहचान स्पष्ट रखने के लिए उनके सामने वास्तविक नाम लिखने और बारकोड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि इससे यात्रियों को दुकानों की पहचान करने में आसानी होगी। वहीं, कांवड़ मार्गों पर कई स्थानों पर शराब और मांस की दुकानों को बंद कराया गया है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।
कांवड़ मार्गों पर लगाए गए CCTV कैमरों के जरिए पुलिस 24 घंटे निगरानी कर रही है। प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जा रही गई है। अधिकारियों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए लगातार अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं। कई स्थानों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत किए जाने की तैयारी है। इसके अलावा यात्रा मार्गों पर बनाए गए राहत कैंपों में कांवड़ यात्रियों के ठहरने, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था पूरी कर ली गई है।
प्रशासन ने साफ-सफाई, यातायात, चिकित्सा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करेंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वी यूपी तक कांवड़ मार्गों पर प्रशासन की विशेष निगरानी जारी है।
